*TRE 4.0 की वैकेंसी जारी करने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों पर दमन बंद हो*
पटना में BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4.0 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक है.
पटना 20 मई 2026
पटना में BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4.0 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक है.
भाकपा-माले राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि बिहार के लाखों युवा लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार देने के बजाय आवाज उठाने वाले अभ्यर्थियों पर दमन कर रही है.
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी शिक्षक अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया था, जिस पर सरकार ने सकारात्मक पहल करने के बजाय लाठीचार्ज और दमन का रास्ता अपनाया. अब एक बार फिर अभ्यर्थियों को हिरासत में लेना साबित करता है कि सरकार युवाओं की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें दबाने की नीति पर चल रही है.
कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में शिक्षक पद खाली पड़े हैं, स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, फिर भी सरकार TRE 4.0 की वैकेंसी जारी करने में लगातार टालमटोल कर रही है. बेरोजगार युवा लगातार आंदोलन करने को मजबूर हैं.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है. अभ्यर्थियों को हिरासत में लेना उनकी आवाज दबाने की कोशिश है. भाकपा-माले सभी हिरासत में लिए गए अभ्यर्थियों की अविलंब रिहाई और TRE 4.0 की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग करती है. पटना से एनबीसी 24 के लिए कुमार गौतम की रिपोर्ट।